आज की ताजा खबर

एसपी ने मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को दिया जागरूकता का संदेश

top-news

गौरीगंज, अमेठी

तहसील सभागार गौरीगंज में दैनिक हिन्दुस्तान द्वारा आयोजित "मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमेठी श्री सरवणन टी. ने उपस्थित महिलाओं, छात्राओं एवं शिक्षकों को नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में महिलाओं को अपनी आवाज दबाने के बजाय निर्भीक होकर सामने आना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं एवं छात्राएं अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों अथवा अधिकारियों के समक्ष पूर्ण गोपनीयता के साथ दर्ज करा सकती हैं।

उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देना आवश्यक है। विशेष रूप से वित्तीय साइबर अपराध की स्थिति में 24 से 48 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज कराने पर धनराशि वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।


उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा सिम ब्लॉक से संबंधित फोन पर विश्वास न करें तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, वीडियो और मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। उन्होंने आगाह किया कि साइबर अपराधी डीपफेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं।

साइबर अपराध की शिकायत के लिए उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल  का उपयोग करने की सलाह दी।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

साथ ही आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि संकट की स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग किया जा सकता है।कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक  सरवणन टी. ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *