आज की ताजा खबर

बदायूं स्कूल में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में 3 छात्र घायल; एसएसपी अंकिता शर्मा पहुंचीं अस्पताल

top-news

बदायूं के स्कूल में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में तीन छात्र गंभीर घायल

पुरानी रंजिश में इंटर कॉलेज के भीतर हुआ हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; एसएसपी अंकिता शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

बदायूं | लोक भारती डिजिटल

बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित द्रौपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि घायल छात्रों को विद्यालय प्रशासन ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डे और भारी पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


पुलिस के अनुसार, घटना में प्रशांत गौतम (कक्षा-11) और कृष्णा ठाकुर (कक्षा-10) पर हमला करने का आरोप है। वहीं घायल छात्रों की पहचान सूर्या सोलंकी (कक्षा-9, 14 वर्ष), आर्यन सोलंकी (कक्षा-10, 16 वर्ष), निवासी बरामयखेड़ा थाना उझानी, तथा भविष्य माथुर (कक्षा-10, 14 वर्ष), निवासी लोची नगला के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रों के दोनों गुटों के बीच पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद अस्पताल और स्कूल परिसर में अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि विद्यालय परिसर के भीतर छात्र के पास धारदार हथियार कैसे पहुंचा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कुशल पाल शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायल छात्रों को अस्पताल भेजा गया और पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtu.be/lQ24lZAkerw

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *