आज की ताजा खबर

अड्डा बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी की सड़क हादसे में मौत, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

top-news

 नीरज गुप्ता 

महराजगंज । महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में शनिवार गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-24) पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अड्डा बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी लखीचन्द अग्रहरि (57) की मौत हो गई, जबकि परिवार की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे गुलहरिया कला स्थित फ्लाईओवर पर दो चारपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।


बताया जा रहा है कि अड्डा बाजार निवासी सुमित अग्रहरि अपने परिजनों के साथ गोरखपुर जा रहे थे। वाहन में लखीचन्द अग्रहरि, रविंद्र अग्रहरि, सुनीता अग्रहरि, राजलक्ष्मी अग्रहरि तथा दो बच्चे भी सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लखीचन्द अग्रहरि को मृत घोषित कर दिया।

घटना में घायल सुनीता अग्रहरि और राजलक्ष्मी अग्रहरि की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि वाहन में मौजूद दोनों बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 मृतक के शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *