आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर: इंस्टाग्राम विवाद में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, थाने के बाहर प्रदर्शन

top-news

इंस्टाग्राम विवाद बना हत्या की वजह, युवक की चाकू से हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस पर किया हमला

कांट में युवक की हत्या से बवाल, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली; परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की

शाहजहांपुर | शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। कमलनैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय गौतम मौर्य की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मामले में मुख्य आरोपी समीर इदरीसी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच के मुताबिक, 12 जुलाई को गौतम ने एक युवती की फोटो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी। इसे लेकर युवती के चचेरे भाई समीर इदरीसी से उसका विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार रात समीर ने गौतम से लिफ्ट ली और सुनसान स्थान पर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कांस्टेबल देवेंद्र घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे दोबारा गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल से डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने कांट थाने के बाहर धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। मुख्य आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/9wrfGxdg1Y8

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *