आज की ताजा खबर

पीलीभीत में 9 से 17 अगस्त तक धूमधाम से चलेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान, प्रशासनिक तैयारियां तेज

top-news

शोएब खान 

पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस-2026 को पूरे जनपद में उत्साह, सम्मान और भव्यता के साथ मनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। गांधी सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 से 17 अगस्त तक जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान देशभक्तिपूर्ण माहौल में संचालित किया जाएगा।

इस अभियान के तहत नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान जगाने के लिए स्वच्छता रैलियां, वंदे मातरम व राष्ट्रगान गायन, तिरंगा रंगोली, प्रदर्शनी और सेल्फी पॉइंट जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही चौराहों को तिरंगी लाइटों से सजाकर देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे।

15 अगस्त के मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि प्रातः 8:00 बजे समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी व गैर-सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक गांधी स्टेडियम प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


प्रातः 11:00 बजे बल्लभ नगर स्थित शहीद पार्क में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक तथा गैस चौराहा स्थित शहीद दामोदर पार्क में नगर मजिस्ट्रेट द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर पुलिस बैंड वादन किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे राम स्वरूप पार्क में ध्वजारोहण के उपरांत जिला अस्पताल में डीएम व एसपी द्वारा, वृद्धाश्रम में सीडीओ द्वारा तथा बरखेड़ा वृद्धाश्रम में समाज कल्याण अधिकारी द्वारा फल वितरित किए जाएंगे।

समारोह के दौरान दोपहर 12:30 बजे गांधी स्टेडियम में 'इंडिया क्विज' प्रतियोगिता का आयोजन होगा और वृद्धाश्रम में वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा। जिले की समस्त तहसीलों में उप जिलाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों व कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई कराकर पंचायत भवनों पर तिरंगा फहराया जाएगा और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में सीडीओ, एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, सीएमओ, डीडीओ, डीआईओएस, बीएसए सहित सभी विभागाध्यक्ष, समाजसेवी और पत्रकार उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *