आज की ताजा खबर

सावन में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कथित साजिश नाकाम, शिव मंदिर से शिवलिंग ले जाते युवक को मुस्लिमों ने पकड़ा

top-news

शोएब खान 
पीलीभीत।पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला में सावन माह के दौरान एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने कुछ समय के लिए ग्रामीणों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया।
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे मोहल्ला स्थित शिव मंदिर से एक युवक कथित रूप से शिवलिंग ले जाता हुआ दिखाई दिया। मौके पर मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों को संदेह होने पर उन्होंने युवक को रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार पकड़ा गया युवक गांव निवासी 35 वर्षीय मदनलाल पुत्र मैकूलाल  बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पहले वह मंदिर से नंदी की प्रतिमा ले गया था। उसके बाद शिवलिंग ले जाते हुए पकड़ा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उसे नहीं रोका जाता तो धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती थीं और गांव का सौहार्द प्रभावित होने की आशंका थी।घटना के बाद पुलिस ने शिवलिंग व नंदी को सुरक्षित कब्जे में लेकर रात में ही मंदिर में पुनः स्थापित करा दिया।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक का उद्देश्य क्या था तथा उसके विरुद्ध किन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जाती है। हालांकि पुलिस इस संबंध में सभी तथ्यों की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं का सत्यापन किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन पांडे ने बताया कि प्रतिमा को रात में ही मंदिर में स्थापित करा दिया गया था। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह शिव मंदिर मुस्लिम बहुल क्षेत्र में स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा समय रहते सूचना देकर और पुलिस को बुलाकर स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला गया, जिससे किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न नहीं हुआ।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करें 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *