आज की ताजा खबर

दोस्ती बनी जानलेवा, युवक को गोली मारने के बाद लखनऊ में मौत; दो दोस्तों पर हत्या का आरोप

top-news

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीगंज इलाके में मंगलवार देर रात एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है, जबकि मृतक के परिजनों ने उसके दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज निवासी 35 वर्षीय मैनुद्दीन उर्फ सलमान को मंगलवार रात करीब 11 बजे गैस गोदाम के पीछे गोली मार दी गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने घायल सलमान को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि सलमान के दोस्त रजत मिश्रा और भैरव मिश्रा उसे घर से बुलाकर शराब पीने के बहाने अपने साथ ले गए थे। कुछ देर बाद उन्हें सलमान को गोली लगने की सूचना मिली। परिजनों ने दोनों युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सलमान, रजत मिश्रा और भैरव मिश्रा आपस में दोस्त थे तथा तीनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन की रिकॉर्ड की गई टेलीफोनिक वार्ता की जांच में पता चला कि तीनों ने साथ बैठकर बीयर पीने की योजना बनाई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हुई और आरोप है कि भैरव मिश्रा रजत मिश्रा ने सलमान को गोली मार दी।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *