आज की ताजा खबर

खेत की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार

top-news

 बरेली एंटी करप्शन टीम ने ईदगाह चौराहे से रंगे हाथों पकड़ा, तहसील में हड़कंप

शोएब खान

पीलीभीत। बीसलपुर तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए बरेली एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने खेत की पैमाइश करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक को ईदगाह चौराहे से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से तहसील प्रशासन और राजस्व कर्मियों में हड़कंप मच गया है।


पैमाइश के एवज में मांगी थी घूस

बीसलपुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक हरि ज्ञान सिंह ने क्षेत्र के गांव हेतम नगला निवासी पीड़ित रिंकू गंगवार से उनके खेत की पैमाइश करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की शिकायत बरेली एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने राजस्व निरीक्षक को बेनकाब करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

मंगलवार सुबह एंटी करप्शन टीम ने बीसलपुर में अपनी घेराबंदी शुरू कर दी। योजना के मुताबिक पीड़ित रिंकू गंगवार ने रिश्वत की रकम देने के लिए कानूनगो हरि ज्ञान सिंह को ईदगाह चौराहे पर बुलाया। जैसे ही राजस्व निरीक्षक ने पीड़ित से 10 हजार रुपये की नकदी हाथ में ली, सादे कपड़ों में मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

हाल ही में एंटी करप्शन टीम द्वारा बीसलपुर तहसील परिसर से ही एक लेखपाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। वह मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि कानूनगो की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील में मौजूद लेखपालों और अन्य राजस्व कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तहसील महकमे में दहशत का माहौल है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *