आज की ताजा खबर

जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,कसे जिम्मेदारों के पेंच जिला स्वच्छता समिति, जिला वन एवं पर्यावरण समिति, एनआरएलएम पशुपालन विभाग तथा आईजीआरएस प्रकरणों की डीएम ने की समीक्षा

top-news

 संजय मिश्रा 

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिला स्वच्छता समिति, जिला वन एवं पर्यावरण समिति, एनआरएलएम, पशुपालन विभाग तथा आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में की। उन्होंने निर्देशित किया  कि जनहित से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ आमजन तक पहुंचाए जाएं तथा निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप 15 दिनों के भीतर पूर्ण कराए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

  वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों द्वारा लगाए गए पौधों का शत-प्रतिशत जियोटैगिंग 15 दिन के अंदर सुनिश्चित किया जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान उन्होंने समूह गठन तथा बीसी सखी, संगठन सखी एवं वर्क सखी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया।

  जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण के लिए प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव एवं लेखपाल आपसी समन्वय से पंचायत विभाग की आवश्यक भूमि उपलब्ध कराएं। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, अंत्येष्टि स्थल एवं पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया


पंचायत सहायकों के कार्यों की होगी निगरानी,15 दिन में फार्मर आईडी करें पूरी 

 जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को पंचायत सहायकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए फार्मर आईडी का कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों के कार्यों में सुधार लाते हुए सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी समयबद्ध रूप से बनाई जाए।

आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिकायत लंबित रहने या त्रुटिपूर्ण निस्तारण पाए जाने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गो-तस्करी पर रोक, टीकाकरण और ईयर टैगिंग में लाएं तेजी

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश संरक्षण, गो-तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा ईयर टैगिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *