आज की ताजा खबर

पीलीभीत में 'हर घर आयुर योग' अभियान का शंखनाद: 'आयुष मित्र' और 'योग दीदी' घर-घर पहुंचाएंगे स्वास्थ्य का संदेश

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। जिला मुख्यालय स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में 'हर घर आयुर योग' कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्राचीन एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को जनपद के प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए एक ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जारी किए।

बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि आयुष सिद्धांतों और योग रिफ्रेशर कोर्स के आधार पर स्वयंसेवकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत इन स्वयंसेवकों को 'आयुष मित्र', 'योग मित्र' एवं 'योग दीदी' के रूप में नामित कर आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।


ग्राम पंचायतों में चलेंगे नियमित योग और स्वास्थ्य जागरूकता सत्र

अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि आयुष मित्र ग्राम पंचायतों में घर-घर संपर्क स्थापित करेंगे। वे निवारक और स्वास्थ्यवर्धक देखभाल के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाकर हर आयु वर्ग के लोगों को सामुदायिक योग गतिविधियों से जोड़ेंगे।

इसके साथ ही योग मित्र एवं योग दीदी द्वारा ग्राम पंचायत भवनों, स्थानीय विद्यालयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दैनिक व साप्ताहिक योग सत्रों का आयोजन कराया जाएगा। योग अभ्यास के दौरान आयुष चिकित्साधिकारियों के समन्वय से 10 से 15 मिनट का विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें आमजन को दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वस्थ जीवनशैली, प्राथमिक घरेलू उपचार, औषधीय पौधों व जड़ी-बूटियों के प्रयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण की महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम को धरातल पर सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्कूल शिक्षकों, स्वयं सहायता समूहों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के बीच मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय स्थापित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को हर घर आयुर्वेद कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, डीसी मनरेगा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *