आज की ताजा खबर

डीएम-एसपी की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा पीलीभीत

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत शनिवार को गांधी स्टेडियम से एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के साथ शुरू हुई इस रैली का नेतृत्व हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने किया।

देशभक्तिपूर्ण नारों से गूंजती यह पैदल मार्च रैली गांधी स्टेडियम से शुरू होकर गौहनिया चौराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में समापन समारोह के रूप में परिवर्तित हुई।

रैली में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह तथा कार्यक्रम नोडल अधिकारी इंतजार खान सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने पैदल मार्च किया।


इस भव्य आयोजन में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इन्टर कालेज, आर्य कन्या इन्टर कालेज, लिटिल एंजेल्स, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज और हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों व पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ड्रमंड कॉलेज में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों के हृदय में राष्ट्रवाद की भावना को प्रगाढ़ करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों, व्यापारियों, डॉक्टरों व शिक्षकों से अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए इसे पीलीभीत की देशभक्ति का जीवंत प्रमाण बताया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *