आज की ताजा खबर

ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर ट्रक में घुसी, चार घायल

top-news

उज्वल मिश्रा

दोस्तपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात किलोमीटर 151.000 के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी।

हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर संख्या यूपी32 एनक्यू 0018 से सौरव द्विवेदी (45) निवासी बृजपुरी, दिल्ली अपने साथियों आलोक पांडे, राहुल पूनिया और संदीप के साथ कुशीनगर से लखनऊ जा रहे थे। बताया गया कि कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।


हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सौरव के सीने में चोट आई है, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें लगी हैं।सूचना पर यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम, पीआरवी और सुरक्षा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार को रिकवरी वैन से हटाकर सेमरी टोल प्लाजा भेजा गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हुआ।

थाना प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने सीएचसी दोस्तपुर पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *