आज की ताजा खबर

जीवन मूल्यों की स्थापना में अप्रतिम रहा पं मातादीन का जीवन: मनीष जायसवाल

top-news

पं मातादीन शर्मा सारस्वत की 95वीं जयंती समारोह

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। जीवन मूल्यों की स्थापना में नगर के हनुमान इंटर कालेज के संस्थापक पं मातादीन शर्मा का अप्रतिम योगदान रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अविष्मरणीय योगदान के लिए सरकारों की विभिन्न मानद संस्थाओं ने उन्होंने सम्मानों से विभूषित किया है। पाश्चात्य संस्कृति की अंधी दौड़ में भी अनुशासन को सर्वोपरि रखने के कारण पं मातादीन शर्मा द्वारा बीजारोपित हनुमान इंटर कालेज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इस आशय के विचार नगर के हनुमान इंटर कालेज में शनिवार को आयोजित संस्था के संस्थापक पं मातादीन शर्मा की 95वीं जन्म जयंती समारोह में सदर विधायक मनीष कुमार जायसवाल ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हनुमान विद्यालय उनकी सोच के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह विद्यालय उनके समग्र विशाल व्यक्तित्व का आईना है। मुख्य वक्ता बलिया से आए प्रकांड विद्वान डॉ विद्या सागर उपाध्याय ने अपने ओजपूर्ण संबोधन ने पं मातादीन शर्मा को महामानव बताया।


उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि हनुमान विद्यालय अनुशासन के दायरे में शिक्षा प्रदान कर रहा है। संस्कृति व संस्कार की मूल भावना से ओतप्रोत होकर यह विद्यालय शिक्षा दे रहा है, इसके लिए विद्यालय के प्रबंधक मनोज शर्मा व प्रधानाचार्य शैलेन्द्र दत्त शुक्ल साधुवाद के पात्र हैं। अध्यक्षता करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि हनुमान विद्यालय में उच्च स्तरीय शिक्षण इस कोटि का हो रहा है जिससे राष्ट्र निर्माण में यहां के बच्चे अपनी सहभागिता कर रहे है। यहां प्राचीन व नवीन दोनों शिक्षा पद्धतियों का समावेशी शिक्षण हो रहा है, यह प्रशंसनीय है। स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र दत्त शुक्ल ने कहा कि संस्थापक पं मातादीन शर्मा ने कहा था कि  अनुशासन सर्वोपरि होना चाहिए। यदि बच्चे अनुशासन में रहकर पढ़ेंगे तो शिक्षा का अधिगम स्वाभाविक प्रक्रिया के तहत कर लेंगे। इसलिए हम अनुशासन से कोई समझौता नहीं करते।


विषय प्रवर्तन करते हुए विद्यालय के प्रबंधक व संस्थापक पं शर्मा जी के प्रपौत्र मनोज शर्मा सारस्वत ने कहा कि हमारे बाबाजी ने संस्कारयुक्त शिक्षा को सर्वोपरि माना। उन्होंने रामचरितमानस के रचयिता तुलसीदास के गुरु हनुमान के नाम पर विद्यालय की स्थापना की। उनकी सोच थी कि बल, बुद्धि व विद्या के  निधान हनुमान की तरह ही बच्चों का भविष्य निर्माण हो। हमारा शुरू से प्रयास रहा है कि इसी आलोक में शिक्षा दी जाए। जयंती समारोह का संचालन मजीबुल्लाह राही व विद्यालय के शिक्षक रिजवान अहमद ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में विज्ञान प्रदर्शनी, विविध खेल प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों व मेधा समान से बच्चों को सम्मानित किया गया।आचार्य पंडित मातादीन शर्मा की 95वीं जयंती पर हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज में भव्य वार्षिकोत्सव शिक्षा और संस्कार के प्रति समर्पण को किया गया याद, मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान मिला। कार्यक्रम का संचालन मजीबुल्लाह राही ने किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं आचार्य पंडित मातादीन शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इससे पूर्व विद्यालय परिवार की ओर से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी विशालता नगरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान आचार्य पंडित मातादीन मेधा सम्मान के अंतर्गत विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं शिखा शर्मा, दिव्या यादव व शिवानी तिवारी कक्षा 12 एवं गौरी मिश्रा कक्षा 10 को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में स्व0 कुंदन देवी निर्धन सहायता योजना के अंतर्गत मेधावी छात्रा कोमल यादव को साइकिल प्रदान की गई। वहीं स्व0 सीता देवी एवं रामनिवास चहडिया छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यालय के 10 गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।


समूचा विद्यालय परिसर शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत रहा। आचार्य पंडित मातादीन शर्मा की जयंती पर आयोजित यह समारोह उनके शिक्षा-दर्शन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी अवसर बना। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व सेवानिवृत्त शिक्षक भी सम्मानित हुए। इस दौरान कुशीनगर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ केपी गोंड, डॉ अभिषेक शुक्ल, प्रधानाचार्य परिषद के संरक्षक गोरख राय, जिलाध्यक्ष डॉ देवेंद्र मणि त्रिपाठी, अश्विनी पांडेय, महामंत्री गोविंद मिश्र, साधु शरण पांडेय, मदन मोहन पांडेय, मार्कण्डेय गौतम, रियल पैराडायज एकेडमी की प्रधानाचार्य डॉ सुनीता पांडेय, रश्मि श्रीवास्तव, भाजपा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मीनू जिंदल आदि भी सम्मानित किए गए।


खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में विजेता टीम के कप्तान फैजान ने अपनी टीम के साथ पुरस्कार प्राप्त किया। बालिका वर्ग की जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कप्तान पूजा यादव ने अपनी टीम के साथ पुरस्कार ग्रहण किया, जबकि कक्षा आठ की छात्राएं उपविजेता रहीं। सीनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिनकी ओर से अनामिका भारती ने पुरस्कार ग्रहण किया। उपविजेता टीम कक्षा 12 अंग्रेजी माध्यम की छात्राओं की रही। शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शशिओम पटेल अग्रहरि को पुरस्कार प्रदान किया गया। जूनियर वर्ग की कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में साजिया खातून तथा सीनियर वर्ग में जोहरा खातून प्रथम रहीं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कक्षा आठ के छात्र सुमित कुमार दीक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में कक्षा 10 की छात्रा लकी गुप्ता प्रथम रहीं। दोनों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान पंडित मातादीन शर्मा के जीवन एवं कृतित्व पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें आस्था तिवारी, मृत्युंजय यादव, सोनम केसरी, अमृता सोनी एवं अवनीश चौबे सहित विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण का विशेष योगदान रहा। विद्यालय की स्काउट-गाइड टीम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *