आज की ताजा खबर

फिर बढ़ा गंगा का पानी, लोगों में दहशत

top-news

फैसल फैज

मिर्जापुर। खादर क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। कई गांवों के मुख्य मार्गों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। हालांकि अभी स्टेट हाईवे पर बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है, जिससे यातायात सुचारू बना हुआ है।

बैराजों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी हुई है। नदी किनारे बसे पैलानी उत्तर गांव के मजरा आजादनगर में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। ग्रामीण असलम, लईक, साबिर और इशाक ने बताया कि इस बार पहले की अपेक्षा अधिक पानी गांव में आया है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो नगला बसोला और स्टेट हाईवे पर भी बाढ़ का पानी पहुंच सकता है।


वहीं पैलानी गांव के मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ फीट पानी बह रहा है। इसी रास्ते से कटैलानगला, मस्जिदनगला, मोतीनगला, बांसखेड़ा सहित कई गांवों के ग्रामीण आने-जाने को मजबूर हैं। तेज बहाव के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे और स्कूल वैन भी जोखिम उठाकर इस मार्ग से निकल रहे हैं। मस्जिदनगला और इस्लामनगर मार्ग पर दो स्थानों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। कई ग्रामीण नाव के सहारे रास्ता पार कर रहे हैं।

मस्जिदनगला निवासी जामुन, चमन खां, खुशनूर और फियास ने बताया कि गांव में कई पशु बीमार हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान पशुओं का टीकाकरण किया गया था, लेकिन उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची। लंबे समय से पानी भरा होने के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में पशु टीकाकरण अभियान चलाने के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने की मांग की है।

फसलें जलमग्न, चारे का संकट

बाढ़ का पानी खेतों में भरा होने से फसलें भी प्रभावित होने लगी हैं। बाजरा, मक्का, ज्वार, उड़द और तिली की फसलें पानी में डूबने लगी हैं। वहीं पशुओं के चारे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों को दूरदराज के गांवों से बैलगाड़ियों के जरिए पशुओं के लिए चारा लाना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *