आज की ताजा खबर

खम्भों में बंधे टीडीएसपी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मौत को दे रहे दावत

top-news

क्रासर-बारिश के मौसम में करंट फैलने का खतरा, नगर पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल

महराजगंज-रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज के विभिन्न वार्डों में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए टीडीएसपी (पानी की टंकी सहित बोरिंग) और वाटर कूलर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लोहे के खंभों पर बंधे नजर आ रहे हैं।

बारिश के मौसम में खुले में लोहे के खंभों पर लगे इन विद्युत उपकरणों को लेकर लोगों में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि चार दिन पूर्व श्री जसवंत्री मंदिर परिसर में विद्युत उपकरण से लोहे के खंभे में करंट उतरने से दो बकरियों की मौत हो गई थी, जबकि एक बच्ची बाल-बाल बच गई थी।


इसके बावजूद नगर पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा विभिन्न स्थानों पर खुले में लगे विद्युत उपकरणों को लेकर अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान विद्युत उपकरणों और लोहे के खंभों में नमी के कारण करंट उतरने की आशंका बनी रहती है।

ऐसे में राहगीरों, बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों की जान पर खतरा मंडरा सकता है। मामले की पड़ताल के दौरान दानेश्वर मंदिर के बगल लगे फ्रीजर, पूरे सुखई तिराहे पर लगे फ्रीजर के विद्युत पोल तथा पूरे रानी में टीडीएसपी के लोहे के स्टैंड पर विद्युत उपकरण खुले आसमान के नीचे लगे दिखाई दिए।

लोगों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर लगाए गए ये उपकरण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि विभिन्न वार्डों में लगे टीडीएसपी और वाटर कूलर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा बारिश के दौरान करंट और जनहानि के संभावित खतरे को देखते हुए इन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराया जाए।

वहीं मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामाशीष ने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही खुले स्थानों पर लगे इन उपकरणों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराया जाएगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *