आज की ताजा खबर

नंबर प्लेट बदलकर बालू का अवैध परिवहन, टैक्स चोरी का खुलासा; तरया सुजान पुलिस ने ट्रेलर पकड़ा

top-news

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। कुशीनगर में बिहार बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ाया, आगे-पीछे अलग-अलग नंबर मिलने पर हुआ शक; चालक ने मालिक के कहने पर एक ही पास से दो ट्रेलर पार कराने की बात कबूली

कुशीनगर में तरया सुजान पुलिस ने बिहार से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रहे बालू लदे ट्रेलर को पकड़कर नंबर प्लेट बदलने और टैक्स चोरी के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। बहादुरपुर पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान ट्रेलर के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर मिले। जांच में सामने आया कि आगे लगी नंबर प्लेट किसी दूसरे ट्रेलर की थी।

घटना 7 अगस्त 2026 की है। बहादुरपुर चौकी पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिहार की ओर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे बालू लदे ट्रेलर नंबर BR28GA9448 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन को कुछ आगे ले जाकर रोका। पुलिस ने ट्रेलर की जांच की तो उसका चेसिस नंबर MAT808248PAF06807 मिला।

पुलिस को संदेह होने पर ई-चालान ऐप से वाहन का सत्यापन किया गया। भौतिक जांच में ट्रेलर के आगे लगी नंबर प्लेट पर BR28GB1231 लिखा मिला। जांच में यह नंबर किसी दूसरे ट्रेलर का निकला। वहीं, ट्रेलर के पीछे अलग नंबर होने से पुलिस का शक और गहरा गया।


पूछताछ में सामने आया फर्जीवाड़ा

पुलिस ने चालक संजय राय, निवासी जंगल लौठहा, थाना विशुनपुरा, कुशीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रेलर मालिक संदीप शाही, निवासी बलथरी, गोपालगंज, बिहार के कहने पर नंबर प्लेट बदली गई थी।

पुलिस के मुताबिक, इंटीग्रेटेड स्टेट ट्रांजिट पास (ISTP) और टैक्स से बचने के लिए एक ही पास के जरिए दो ट्रेलरों को सीमा पार कराया जाता था। इसके लिए एक ट्रेलर की नंबर प्लेट दूसरे ट्रेलर पर लगाई जाती थी। इस बार आगे की नंबर प्लेट बदल दी गई, लेकिन पीछे की प्लेट बदलना छूट गया। आगे और पीछे अलग-अलग नंबर होने के कारण पुलिस को शक हुआ और फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

पुलिस की जांच में मामला सामने आने के बाद उपनिरीक्षक शशि कुमार की तहरीर पर थाना तरया सुजान में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 347(1), 3(5) और 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मु.अ.सं. 0238/2026 दर्ज किया है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक मनीष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने खान अधिकारी और एआरटीओ को भी मामले की अलग रिपोर्ट भेजी है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बालू का अवैध परिवहन और टैक्स चोरी करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से कितने वाहनों को सीमा पार कराया गया और इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *