आज की ताजा खबर

सरकारी जमीन को जागीर समझने वालों पर चला कानून का चाबुक, गरजा बुलडोजर

top-news

इकौना-श्रावस्ती। सरकारी तालाब की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा जमाए बैठे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। इकौना देहात में प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया।

बताया जा रहा है कि गाटा संख्या 2393ख और 2394ग की जमीन राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गफ्फार समेत नौ लोगों ने इस जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर रखा था।

प्रशासन की ओर से कब्जाधारकों को पहले नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे।प्रशासन के मुताबिक, बेदखली का न्यायिक आदेश पहले ही पारित हो चुका था।


इसके बाद 31 जुलाई को जिलाधिकारी न्यायालय से भी अपील खारिज हो गई। कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने 16 अगस्त तक की मोहलत दी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया।मंगलवार को तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक-एक कर अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराकर राजस्व अभिलेखों के अनुरूप भूमि की स्थिति बहाल करने की कार्रवाई की।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित कब्जाधारकों से नियमानुसार वसूला जाएगा। इसमें बुलडोजर, मजदूर और अन्य कार्रवाई का खर्च शामिल है।

इकौना देहात में हुई इस कार्रवाई को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *