आज की ताजा खबर

मानक विहीन पाइपलाइन पर ईओ व जेई सख्त, दोबारा गहराई से बिछाने के निर्देश

top-news

जहानाबाद फतेहपुर। नगर में जल निगम की ओर से संचालित पेयजल योजना-2 के तहत डाली जा रही पाइपलाइन में मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने पर नगर पंचायत प्रशासन ने सख्ती दिखाई। सभासद की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी व जल निगम के अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कम गहराई में डाली जा रही पाइपलाइन को हटाकर दोबारा मानक के अनुरूप बिछाने के निर्देश दिए।
नगर में करीब 16.5 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना-2 के अंतर्गत सात ट्यूबवेल, तीन पानी की टंकियों का निर्माण तथा लगभग 34 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। योजना के तहत नगर के प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक सातों ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि टंकियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी क्रम में मुगल रोड स्थित बाकरगंज-रामगंज क्षेत्र में डाली जा रही आठ इंच की पाइपलाइन को कम गहराई पर बिछाए जाने की शिकायत सभासद महेश चौरसिया ने सहायक अभियंता जल निगम सुरेंद्र कुमार एवं अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार सिंह से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह व जल निगम के अवर अभियंता मेराज अहमद मौके पर पहुंचे और कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन मानक के विपरीत कम गहराई पर डाली जाती मिली, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही निर्देशित किया कि मानक विहीन पाइपलाइन को तत्काल हटाकर निर्धारित गहराई पर पुनः डाला जाए, जिससे भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इस दौरान सभासद महेश चौरसिया, अतर सिंह, विख्यात शर्मा समेत कड़ाई संस्था के कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *