आज की ताजा खबर

पशु वध के वायरल वीडियो पर गरमाई सियासत, हिन्दू महासभा ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

top-news

पीलीभीत। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर जनपद की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि वायरल वीडियो में दिखाई जा रही बातें सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि केजीएन कॉलोनी स्थित एक राजनीतिक दल के कार्यालय परिसर से जुड़ा बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोगों के बीच कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह बिना किसी दबाव के पूरे प्रकरण की सच्चाई जनता के सामने लाए।
हिन्दू महासभा ने आरोप लगाया कि जिस परिसर को आम जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र माना जाता है, यदि वहीं विवादित गतिविधियां होने के आरोप लग रहे हैं तो इसकी गंभीरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। संगठन ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना की वास्तविकता क्या है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि केवल वायरल वीडियो ही नहीं, बल्कि संबंधित व्यक्तियों से जुड़े अन्य आरोपों और शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। संगठन का कहना है कि कानून और प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति या संस्था के लिए अलग पैमाना नहीं होना चाहिए।
हिन्दू महासभा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जनता के बीच उठ रहे सवालों का समय रहते जवाब नहीं मिला तो असंतोष और बढ़ सकता है। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच शीघ्र पूरी कर तथ्य सार्वजनिक किए जाएं, ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति पर विराम लग सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *