आज की ताजा खबर

कलेक्ट्रेट परिसर में करंट लगने से संविदाकर्मी की मौत, समय पर मदद न मिलने के आरोप से उठे सवाल

top-news

पीलीभीत। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान हुए हादसे में एक संविदा बिजली कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद घायल कर्मचारी को समय पर अस्पताल न पहुंचाए जाने के आरोपों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला मदीने शाह निवासी 22 वर्षीय विजय राठौर बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को वह अपने साथियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय के बाहर बिजली पोल पर आए फॉल्ट को ठीक करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि लाइन बंद होने के बावजूद अचानक जनरेटर से बैक करंट आने पर वह उसकी चपेट में आ गया। तेज झटके के कारण वह पोल से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घायल कर्मचारी काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था कराने का प्रयास किया, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। आरोप है कि परिसर में सरकारी वाहन मौजूद होने के बावजूद घायल को तत्काल अस्पताल नहीं भेजा गया।
करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस के पहुंचने पर विजय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और विभागीय कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां गमगीन माहौल बन गया।
हादसे के बाद संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर आपातकालीन प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल जाती तो शायद उसकी जान बचाने की संभावना बढ़ सकती थी।
फिलहाल मामले को लेकर विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *