आज की ताजा खबर

पूर्व सांसद की हत्या की साजिश रचने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

top-news

तंबौर (सीतापुर)। पूर्व सांसद एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की हत्या की साजिश रचने के आरोपी को तंबौर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार दो जून की शाम थाना तंबौर क्षेत्र में शादाब पुत्र जाफर कथित रूप से पूर्व सांसद राजेश वर्मा के आवास के बाहर तमंचा, कारतूस और चाकू लेकर पहुंचा था। प्रारंभिक जांच में पुरानी जमीनी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन वह रास्ते से फरार हो गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम को बुधवार को ज्ञानेंद्र भट्टे के पास स्थित आम के बाग में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दो फायर किए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 312 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो मिस कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी लहरपुर ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *