आज की ताजा खबर

पूर्व सांसद की हत्या की कथित साजिश नाकाम, आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

top-news

तम्बौर/सीतापुर। पूर्व भाजपा सांसद एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की हत्या की कथित साजिश को पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जिसके पैर में गोली लगी है। सीओ लहरपुर ने बताया कि शादाब पुत्र जाफर निवासी शेखन टोला 2 जून को पूर्व सांसद के आवास के बाहर तमंचा, कारतूस और चाकू के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला था। पूछताछ में पुरानी जमीनी रंजिश के चलते हत्या की नीयत से आने की बात सामने आई। हिरासत में लेने के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। बुधवार देर रात सूचना पर पुलिस ने ज्ञानेंद्र भट्ठे के पास आम के बाग में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस एवं चाकू बरामद किया है। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थाना तम्बौर प्रभारी निरीक्षक तम्बौर मय टीम शामिल रही।
पुलिस को देखते ही की दो राउंड फायरिंग
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान देर रात सूचना मिली कि आरोपी ज्ञानेंद्र भट्ठे के पास स्थित आम के बाग में छिपा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से दो फायर कर दिए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली एक गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर सीएचसी तम्बौर में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 312 बोर का एक तमंचा, दो फायर किए हुए कारतूस, दो मिस कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
बाराबंकी में पत्नी के साथ रहता है, बिहार में करता है नौकरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से तम्बौर का रहने वाला है। वह वर्तमान में बिहार में नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी बाराबंकी में रहती है। बकरीद के मौके पर वह घर आया था। पुलिस के अनुसार जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण वह पूर्व सांसद से रंजिश रखता था।
जमीन को लेकर था विवाद
आरोपी का दावा है कि जिस जमीन पर राकेश वर्मा का मकान बना है, वह उसकी है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि मकान जिस जमीन पर बना है, वह पूर्व सांसद के परिवार की पैतृक संपत्ति है। पुलिस इस पूरे विवाद की भी जांच कर रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सतीश उर्फ छोटू पुत्र सुरेश निवासी रमपुरवा मजरा नीलगांव के खिलाफ नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने बंदरिया बाजार-मिशनी मार्ग स्थित अकबरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लाल बहादूर मिश्रा, उनि सतेन्द्र सिंह, उनि राममोहन सिंह, का. विक्रम, का. सौरव, का. सोनू शामिल रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *