आज की ताजा खबर

जेल में बंद दुष्कर्म आरोपी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

top-news

उन्नाव। जिला कारागार में बंद एक कैदी की वाराणसी के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद बुधवार को परिजनों ने जिला जेल के बाहर जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के निहालखेड़ा निवासी राहुल निषाद के रूप में हुई है। मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला जेल पहुंच गए तथा जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल निषाद को 28 सितंबर 2025 को दुष्कर्म के एक मामले में गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह तबसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि उसकी तबीयत खराब होने पर पहले उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। बाद में हालत गंभीर होने पर वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राहुल निषाद के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों का कहना है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग जिला जेल पहुंच गए। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे को सैकड़ों की संख्या में पहुंचे परिजनों और समर्थकों ने जिला जेल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें समय रहते सही जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस सहित अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। जेल प्रशासन की ओर से अभीतक मौत के कारणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। मृतक के परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद जिला जेल परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *