आज की ताजा खबर

बंटवारा हुए बिना जमीन पर प्लॉटिंग करने का लगाया आरोप

top-news

कोंच (जालौन)। कोंच तहसील क्षेत्र के मौजा कोंच बदनपुरा स्थित एक कृषि भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। भूमि के सह-स्वामियों ने आरोप लगाया है कि जमीन का विधिक बंटवारा हुए बिना ही कुछ लोगों द्वारा वहां प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही है। मामले को गंभीर बताते हुए शिकायतकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम कोंच हेमंत पटेल को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता फूल कुंवर पत्नी काशीप्रसाद एवं राजेन्द्र प्रसाद पुत्र काशीप्रसाद ने बताया कि मौजा कोंच बदनपुरा की आराजी संख्या 2716मि., रकबा 0.3810 हेक्टेयर में उनका आधा हिस्सा है। उनका कहना है कि उक्त भूमि का अभी तक कानूनी रूप से बंटवारा नहीं हुआ है, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा जमीन पर मिट्टी का रास्ता डालकर प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही है। आरोप है कि रातों-रात भूमि पर पक्के पिलर भी स्थापित कर दिए गए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित लोगों ने भूमि पर प्लॉट बिक्री का बोर्ड लगा दिया है, जिसमें संभावित खरीदारों के लिए संपर्क नंबर भी अंकित किए गए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग और बिक्री संबंधी गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं, जिससे उनकी हिस्सेदारी वाली भूमि पर अतिक्रमण और अवैध बिक्री की आशंका बढ़ गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब उन्होंने भूमि की नाप-जोख कर रहे लोगों से उनकी पहचान और अधिकार संबंधी जानकारी मांगी तो वे विवाद करने लगे और झगड़े पर उतारू हो गए। शिकायतकर्ताओं ने स्वयं को अनुसूचित जाति समुदाय का बताते हुए आशंका जताई है कि प्रभावशाली लोग उनकी मूल्यवान भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि भूमि का विधिक बंटवारा होने तक किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग और बिक्री पर रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं एसडीएम हेमंत पटेल ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *