आज की ताजा खबर

गोरखपुर में शादी के बाद 2 दिन तक सोता रहा दूल्हा

top-news

गोरखपुर। गोरखपुर में एक 30 साल की युवती के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो उसका पति दवा खाकर 2 दिन तक सोता रहा। इस पर जब उसने अपनी सास से पूछा तो उन्होंने कहा कि घबराहट की दवा ली होगी, अभी ठीक हो जाएगा।इसके बाद युवती ने दवाइयों के पर्चे की फोटो ली और अपने परिचित एक डॉक्टर को भेजकर जानकारी ली। डॉक्टर से पता चला कि उसके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उसी का इलाज चल रहा है, फिर युवती ने अपने ससुर से इस बारे में बात की और कहा आप लोगों ने झूठ बोलकर शादी की है।  ससुर ने बहू को जवाब देते हुए कहा- अगर बेटा अनफिट है तो क्या हुआ, हम हैं ना, तुम्हारी जिंदगी संभल जाएगी। विरोध करने पर उसे गालियां दी गईं।
युवती ने यह पूरी बात अपने मायके वालों को बताई। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया। साथ ही, उन्होंने उसकी सारी ज्वेलरी और शादी में मिला नकद भी हड़प लिया। अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
युवती ने सीएम पोर्टल, महिला आयोग दिल्ली और एसएसपी गोरखपुर में शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर जांच कर पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती के आरोपों की जांच कर रही है। मामला शाहपुर थाने क्षेत्र का है।देवरिया की रहने वाली युवती ने बताया- 21 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से शाहपुर के एक युवक के साथ मेरी शादी हुई थी। शादी का पूरा कार्यक्रम शाहपुर में एक मैरिज हॉल में हुआ था। मेरे पिता ने दहेज में लाखों रुपए और सोने के जेवर दिए थे। इससे पहले तिलक में भी दहेज का सारा सामान गाड़ी से ससुराल भेजा जा चुका था।
इलाज के लिए मांगे 3 लाख रुपए
शादी के अगले दिन मैं ससुराल पहुंची। वहां मेरे पति ने कोई दवा खा ली, जिसके बाद वह लगातार दो दिन तक सोते रहे। जब मैंने सास से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि घबराहट वगैरह की वजह से बेटे ने दवा खाई है और एक-दो दिन में सब ठीक हो जाएगा। 2 दिन बाद सास-ससुर ने पति के इलाज के नाम पर 3 लाख रुपए की मांग की। तब मैंने पति के पर्चे की फोटो ले ली और उसे अपने जानने वाले एक डॉक्टर को भेजकर जानकारी ली। तब पता चला कि मेरे पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और काफी समय से उनका इलाज चल रहा है। यह जानकर मेरे होश उड़ गए कि मेरी शादी एक मानसिक रोगी से करा दी गई। मैंने ससुराल वालों से कहा कि आप लोगों ने मेरे और मेरे परिवार के साथ धोखा किया है। सच्चाई छिपाकर मेरी शादी एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति से कराई गई है। इस पर मेरे ससुर ने कहा- अगर लड़का अनफिट है तो क्या हुआ, हम हैं ना... तुम्हारी जिंदगी संवर जाएगी।
विरोध करने पर सास-ससुर ने गालियां दीं
इस पर मैंने विरोध किया तो सास-ससुर मुझे गालियां देने लगे। इसके बाद मैंने मायके फोन कर पूरी बात बताई। 18 जनवरी 2026 को मायके से परिवार के लोग आए। उनके सामने जब इस मुद्दे पर बात शुरू हुई तो ससुराल वाले जान से मारने की धमकी देने लगे। मेरे घरवालों ने कहा कि लड़की का सारा सामान वापस कर दीजिए।इस पर सास-ससुर ने कहा- कुछ भी नहीं देंगे, जो करना है कर लो। इसके बाद उन्होंने मुझे भी घर से बाहर निकाल दिया। रोते-बिलखते मैं अपने घर वापस आ गई। इस घटना के बाद से हमारा परिवार सामाजिक रूप से भी काफी परेशान है। जांच की जा रही है साक्ष्य के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी - थानाध्यक्ष  इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया- एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *