आज की ताजा खबर

कानपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण, पुलिस आयुक्त से लेकर डीसीपी तक ने संभाली कमान

top-news

कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का पहला दिन कानपुर में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

रविवार को आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी  जितेंद्र प्रताप सिंह ने दयानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इसी क्रम में सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त  अतुल कुमार श्रीवास्तव  ने जीआईसी, जीआईसी गर्ल्स इंटर कॉलेज चुन्नीगंज, हरसहाय पीजी कॉलेज, ज्वाला देवी विद्या मंदिर और सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं दक्षिण जोन के पुलिस उपायुक्त दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कानपुर कन्या महाविद्यालय इंटर कॉलेज, महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज किदवई नगर और श्रीमती माया देवी बालिका इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं।

पूर्वी जोन के पुलिस उपायुक्त सत्यजीत गुप्ता ने भी अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया और सीसीटीवी निगरानी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाती रही। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था भी सामान्य बनी रही, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार 8, 9 और 10 जून को आयोजित हो रही भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा के पहले दिन व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं और सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। यह भर्ती परीक्षा प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसके चलते सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *