आज की ताजा खबर

डीएम एसपी ने पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रो का किया निरीक्षण

top-news


अमेठी  उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज व  रणन्जय इंटर कॉलेज गौरीगंज का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी एवं हैण्ड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच के उपरांत ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनी रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। सड़क किनारे खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्थाओं, प्रवेश द्वारों, बैरिकेडिंग तथा निगरानी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर बारीकी से नजर रखी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, निगरानी व्यवस्था एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं अधिकारी तैनात हैं तथा संवेदनशील बिंदुओं की विशेष निगरानी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जनपद अमेठी में उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा तथा वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *