आज की ताजा खबर

कुशीनगर में मतदाता सूची पर सपा के सवाल, एक नाम 76 बार दर्ज होने का दावा

top-news

कुशीनगर। समाजवादी पार्टी ने कुशीनगर जिले की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की है। पार्टी का दावा है कि मतदाता सूची के परीक्षण के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग बूथों पर कई बार दर्ज मिला है।

पड़रौना स्थित लोहिया भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता सूची की जांच के दौरान हाटा विधानसभा क्षेत्र में एक व्यक्ति का नाम सात बार और दूसरे का नाम 15 बार दर्ज पाया गया। वहीं पड़रौना विधानसभा क्षेत्र में एक व्यक्ति का नाम 76 बार दर्ज होने का दावा किया गया है।

रामअवध यादव ने कहा कि यदि मतदाता सूची में इस तरह की त्रुटियां हैं तो यह चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष उठाएगी और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने आरक्षण, महंगाई और अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। साथ ही 15 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने की घोषणा की गई।

हालांकि, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के आरोपों पर अभी तक चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की पुष्टि और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *