आज की ताजा खबर

बांसी नदी के तट पर गूंजा योग का संदेश, स्वच्छता और वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

top-news

पडरौना,कुशीनगर। लोक आस्था से जुड़ी जनपद की प्रमुख सहायक नदी बांसी के तट पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला गंगा समिति कुशीनगर (नमामि गंगे) के तत्वावधान में वन क्षेत्र पड़रौना रेंज स्थित बांसी नदी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में योग के साथ-साथ स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। "Yoga for Healthy Ageing" थीम पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रातःकाल योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक संतोष त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


क्षेत्रीय वन अधिकारी पड़रौना अशोक कुमार यादव ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का सबसे सरल माध्यम है। योग और प्रकृति का संबंध अत्यंत गहरा है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है।

जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति कुशीनगर (नमामि गंगे) नम्रता भट्ट ने कहा कि योग दिवस के अवसर पर नदी घाटों पर कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के साथ-साथ नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ एवं अविरल नदियों का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

योग प्रशिक्षक आदित्य दूबे ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास होता है। योग प्रशिक्षक संतोष त्रिपाठी नें कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा जीवन को अधिक संतुलित और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

योग कार्यक्रम के पूर्व बांसी नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपस्थित लोगों ने नदी तट से कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण के अंतर्गत पौधे लगाए गए ।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान (जंगल सिंहापट्टी) बबलू कुशवाहा, डॉ. आदित्य दुबे, क्षेत्रीय वनाधिकारी पड़रौना अशोक कुमार यादव, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे नम्रता भट्ट,  वन रक्षक आकाश त्रिपाठी, संदीप पटेल, मुन्ना गोंड, लड्डू गोंड, आनंद पांडेय, हँसलोक पांडेय, नमूना गद्दी, निजामुद्दीन अंसारी, परमवीर साहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *