आज की ताजा खबर

राजकीय महाविद्यालय, ढाढ़ा बुजुर्ग में 12वाँ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

top-news

हाटा कुशीनगर। राजकीय महाविद्यालय, ढाढ़ा बुजुर्ग, हाटा, कुशीनगर में 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम  उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन तथा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर के निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 8:00 बजे महाविद्यालय के  प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार मिश्र के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं योग प्रशिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय कुमार राय ने योग के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने नियमित योगाभ्यास और प्राणायाम को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की आधारशिला बताते हुए सभी को इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ श्री प्रकाश राय द्वारा योग से शारीरिक एवं मानसिक समरसता एवं संतुलन प्राप्त करने की विधि पर व्याख्यान दिया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी सामूहिक अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। सम्पूर्ण आयोजन सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।

अन्त में  प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार मिश्र ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *