आज की ताजा खबर

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रेलर से भिड़ी कार, पांच गंभीर रूप से घायल लोनीकटरा क्षेत्र में तड़के हुआ हादसा, घायल लोहिया अस्पताल रेफर

top-news

बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लोनीकटरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। ककरी गांव के निकट खराब होकर किनारे खड़े सरिया लदे ट्रेलर से पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार आर्टिगा कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेसवे की इमरजेंसी रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

 पहले डिवाइडर से टकराया ट्रेलर, फिर हुआ बड़ा हादसा 
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे सरिया लेकर जा रहा एक ट्रेलर किसी वजह से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया था। दुर्घटना के बाद ट्रेलर क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ा था। इसी बीच रविवार तड़के लगभग तीन बजे बलिया से लखनऊ की ओर जा रही आर्टिगा कार पीछे से ट्रेलर में जा भिड़ी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

 रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल 
दुर्घटना में कार सवार तीन महिलाएं और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तथा लोनीकटरा पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायलों में सुरक्षा सिंह, विश्वनाथ जायसवाल, सौम्या सिंह, तान्या सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। चिकित्सकों की देखरेख में सभी का इलाज जारी है।

 सुरक्षा इंतजाम और लापरवाही की होगी जांच 
लोनीकटरा थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी देखा जा रहा है कि क्षतिग्रस्त ट्रेलर सड़क किनारे किन परिस्थितियों में खड़ा था और उसके पीछे निर्धारित सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे या नहीं। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *