आज की ताजा खबर

श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद गंगाघाट पर बवाल, महिलाओं-बालिकाओं की फोटो खींचने के आरोप में विवाद; कई ग्रामीण घायल

top-news

 अमृतपुर फर्रुखाबाद I अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लीलापुर के ग्रामीणों के साथ ढाई घाट गंगा तट पर उस समय विवाद हो गया, जब श्रीमद्भागवत कथा के समापन के दूसरे दिन जल विसर्जन के लिए  पहुंचे ग्रामीणों तथा कुछ अज्ञात युवकों के बीच कहासुनी हो गई। घटना में कई ग्रामीणों के घायल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के समापन के द्वितीय दिवस पर गांव की महिलाएं, बालिकाएं, युवक, बुजुर्ग और बच्चे धार्मिक परंपरा के तहत जल विसर्जन के लिए ढाई घाट गंगा तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बालिकाएं गंगा में स्नान कर रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें बनाने लगे।

ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और युवकों को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने मोबाइल से फोटो डिलीट कर दी, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक वहां से अपने अन्य साथियों को बुला लाए। देखते ही देखते करीब 40 से 50 लोगों का समूह मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों तक को नहीं बख्शा तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गंगाघाट पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दिए जाने की बात कही जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी और न ही किसी पक्ष की ओर से विस्तृत बयान सामने आया था। पुलिस मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और दोषियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट करेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *