आज की ताजा खबर

अन्नप्राशन समारोह में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल; तीन की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

top-news

 फर्रुखाबाद I अन्नप्राशन समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नगला चूड़ा निवासी नितिन कुमार अपने तीन वर्षीय पुत्र देवांश के अन्नप्राशन संस्कार के अवसर पर परिजनों व रिश्तेदारों के साथ नीम करौरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। परिवार के करीब 80 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर रविवार दोपहर लगभग एक बजे घर से निकले थे।
बताया गया कि जैसे ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नगला मिढ़ई के पास पहुंची, तभी सामने अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने जोर से ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया। ट्रॉली में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी फैल गई।
राहगीरों ने तुरंत डायल-112 और डायल-108 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया।



सीएचसी में तैनात डॉ. सन्नी मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद मीना (50) पत्नी शिवनारायण निवासी नगला राही, थाना राजेपुर, बबली (35) पत्नी शिवशंकर निवासी नगला चूड़ा तथा सुरेखा (11) पुत्री गुड्डू निवासी अनियापुर, थाना अरवल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं अंजली (18), चांदनी (15), कुशमा (40), मनोरमा (16), गुंजन (18), दिव्यांशी (17), रजनी (19), कीर्ति (16), रानी (15) और नेहा (13) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए सीएचसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता का माहौल है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *