आज की ताजा खबर

देवरिया जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, अंतरप्रांतीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार जालंधर से चोरी किया गया लाखों का सामान बरामद, तीसरे आरोपी की तलाश जारी

top-news

देवरिया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी सफलता अर्जित की है। ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अंतरप्रांतीय चोरों के एक शातिर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए अभियुक्तों के पास से पंजाब के जालंधर जिले से चोरी की गई अत्यंत कीमती और दुर्लभ सामग्रियां बरामद हुई हैं, जिनमें ब्रिटिश काल के ऐतिहासिक सिक्के, प्राचीन मूर्तियां, महंगे ब्रांड की घड़ियां, भारी मात्रा में चांदी के आभूषण और नकदी शामिल है। बरामद किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने के साथ ही गिरोह के तीसरे फरार सदस्य की तलाश तेज कर दी है।

राजकीय रेलवे पुलिस अनुभाग गोरखपुर के शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई देवरिया सदर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के निकट पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और आरपीएफ के एएसआई संजय कुमार मिश्रा की टीम संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस टीम को देखकर छिपने का प्रयास करने लगे। सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।

जामातलाशी के दौरान उनके पास मौजूद काले रंग के बैग से भारी मात्रा में आभूषण, प्राचीन सिक्के और नकदी बरामद हुई, जिसके संबंध में वे कोई भी वैध दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रवि कुमार (28 वर्ष) और सरमन पासवान (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार प्रांत के समस्तीपुर जिले के थाना पूसा अंतर्गत ग्राम हरपुर मुहम्दा के निवासी हैं।


पुलिस अभिरक्षा में हुई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी छोटू पासवान के साथ मिलकर पंजाब के जालंधर जिले में एक संपन्न आवास को निशाना बनाया था और वहां से भारी मात्रा में कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ किया था। चोरी की गई संपत्ति को तीनों ने आपस में बराबर बांट लिया था। वारदात के बाद वे ट्रेन के जरिए बिहार भागने की फिराक में थे। देवरिया सदर स्टेशन पर वे खाने-पीने का सामान लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे, लेकिन इसी बीच उनकी ट्रेन छूट गई। वे दूसरी ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर बैठे थे कि पुलिस की सतर्कता के कारण धरे गए। उनका तीसरा साथी छोटू पासवान अपना हिस्सा लेकर पहले ही दूसरी ट्रेन से रवाना हो चुका था।

बरामदगी के विस्तृत विवरण के अनुसार, आरोपियों के पास से प्रतिष्ठित ‘राडो’ (RADO) कंपनी की एक कीमती पीली घड़ी, ‘मेडिसि’ (MEDICI) ब्रांड की दो घड़ियां, हनुमान जी, नटराजन और राधाकृष्ण की प्राचीन मूर्तियां, लक्ष्मी-गणेश अंकित चांदी के दर्जनों सिक्के, और सबसे महत्वपूर्ण ब्रिटिश शासन काल के चार अत्यंत दुर्लभ चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं।

इसके अतिरिक्त आठ जोड़ी चांदी की पायल, चार अदद हाथ के कड़े, चांदी का कलश, गिलास, थाली और कुल 89,569 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई है, जिसमें अलग-अलग मूल्य वर्ग के नोट और प्राचीन काल के 10 पैसे, 20 पैसे, 25 पैसे और 50 पैसे के सैकड़ों सिक्के शामिल हैं। इस बड़ी सफलता और उत्कृष्ट कार्य प्रणाली को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र द्वारा पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु दो हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

​इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के संबंध में तकनीकी और विधिक जानकारी साझा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पेशेवर तरीके से बड़े शहरों में बंद पड़े घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद सामानों की ऐतिहासिक और प्राचीन महत्ता को देखते हुए इनके विधिक मूल्यांकन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

आरोपियों के विरुद्ध जीआरपी थाना देवरिया में मुकदमा अपराध संख्या 34/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पंजाब पुलिस से भी संपर्क स्थापित कर संबंधित थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों का विवरण साझा किया जा रहा है। गिरोह के फरार सदस्य छोटू पासवान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *