आज की ताजा खबर

कानून की जानकारी ही सशक्त नागरिक की पहचान : पलाश गांगुली

top-news

फतेहपुर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भिटौरा विकासखंड के ग्राम सहिमापुर स्थित ब्राइट पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने कहा कि "कानून की जानकारी ही एक जागरूक और सशक्त नागरिक की पहचान है।" उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम तथा साइबर अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। किसी भी प्रकार के अन्याय या कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय संबंधित अधिकारियों अथवा विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने का आह्वान किया। शिविर में पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) शेखर, अवधेश और रामेंद्र श्रीवास्तव ने भी प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक न्याय पहुंचाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।
विद्यालय के प्रबंधक विजय शुक्ला, संचालक कामतानाथ प्रसाद अग्निहोत्री एवं प्रधानाचार्या प्रीति सिंह ने मुख्य अतिथि एवं प्राधिकरण की टीम का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में अध्यापिका संध्या वर्मा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों ने कानून से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *