आज की ताजा खबर

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पति नसीम अहमद ने जनसमस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, 132 केवी पावर हाउस सहित कई मांगें उठाईं

top-news

बहेड़ी (बरेली) l   पूर्व नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पति नसीम अहमद ने नगर की बिजली, स्वास्थ्य, किसानों और यातायात से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम)  को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर के विकास और आम जनता की सुविधाओं के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में कहा गया कि लगभग एक लाख की आबादी वाले बहेड़ी नगर में 2000 से अधिक कपड़ा उद्योग, 20 राइस मिल, एक दर्जन से अधिक लकड़ी आरा मशीनें तथा तहसील का सबसे बड़ा कपड़ा बाजार होने के बावजूद बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर के लिए 132 केवी का नया पावर हाउस स्थापित कराने की मांग की, जिससे उद्योगों, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के गन्ना किसानों का करीब 161 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की गई।
इसके अलावा बहेड़ी से दिल्ली के लिए रात्रिकालीन बस सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई गई, ताकि व्यापारियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे फाटक पर लगातार लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी की। ज्ञापन में कहा गया कि इस मार्ग से लगभग 800 गांवों के लोग आवागमन करते हैं और फाटक बंद होने पर मरीजों व आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चिंता जताते हुए ज्ञापन में सीएचसी बहेड़ी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, एक्स-रे मशीन को सुचारु रूप से संचालित कराने तथा अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि मरीजों को निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।
ज्ञापन पर नगर के विभिन्न नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। इसमें प्रमुख रूप से प्रार्थीगण पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पति नसीम अहमद तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *