आज की ताजा खबर

संडीला तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

top-news

हरदोई l हरदोई की संडीला तहसील में रविवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा एवं उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया द्वारा तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुई। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इसके बाद आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, नगर निकाय, समाज कल्याण, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कानून-व्यवस्था एवं पुलिस से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *