आज की ताजा खबर

गर्रा नदी से अवैध सीप तस्करी का भंडाफोड़: दो गिरफ्तार, 18 कुंटल से अधिक प्रतिबंधित सीप बरामद

top-news

पाली, हरदोई। पाली थाना पुलिस ने गर्रा नदी से अवैध रूप से सीप निकालकर तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 बोरियों में भरी 18 कुंटल 33 किलो 863 ग्राम प्रतिबंधित नदी की सीप बरामद की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि बावरपुर गांव के पास गर्रा नदी किनारे दो व्यक्ति नदी से निकाली गई सीप की बोरियां लेकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक इरफान अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान गुड्डू पुत्र ठाकुर प्रसाद निवासी ग्राम किलकिली थाना पाली, जनपद हरदोई तथा रिजवान पुत्र उस्मान निवासी ग्राम भैंसिया, प्रेम वंडरलैंड के पीछे कटघर, जनपद मुरादाबाद के रूप में बताई। मौके से बरामद 30 बोरियों का वजन बाबरपुर गांव की आटा चक्की से तराजू मंगाकर कराया गया, जिसमें कुल वजन 18 कुंटल 33 किलो 863 ग्राम पाया गया।


आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कई दिनों से गर्रा नदी से सीप निकालकर बोरियों में भर रहे थे और उन्हें बेचने की तैयारी में थे। पुलिस को उनके पास सीप निकालने या उसके व्यापार से संबंधित कोई वैध अनुमति अथवा दस्तावेज नहीं मिला।

बरामद सीप को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और सीप की आपूर्ति कहां की जानी थी। 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *