आज की ताजा खबर

डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या केस में बड़ी कार्रवाई, तिलक नगर के दो अस्पताल सीज घटना में नामजद मालिक और जीजा जेल भेजे गए

top-news

औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के तिलक नगर मोहल्ला स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में कार्यरत डाॅक्टर द्वारा यमुना में कूदकर  आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जहां अस्पताल मालिक व उसके जीजा को जेल भेज दिया है। वहीं दोनों अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सीज करने की कार्रवाई की है।

    शनिवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम तिलक नगर पहुंची। जहां डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश सिंह ने अपनी टीम के साथ रामऔतार अस्पताल की दोनों बिल्डिंगों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मानकों की भारी अनदेखी मिली। अस्पताल के पास पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम, रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी मानक अधूरे पाए गए। जिसके बाद दोनों अस्पतालों को मौके पर ही सीज करने की कार्रवाई की गई।


जांच के दौरान मौके पर सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उनके साथ फायर ब्रिगेड के अधिकारी भी जांच में शामिल हुए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

    गौरतलब है कि डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या मामले में रामऔतार मेमोरियल हॉस्पिटल के खिलाफ गंभीर आरोप लगे थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के मालिक एसपी सिंह और उनके जीजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह बिना मानकों के चल रहे अस्पतालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की सूची तैयार कर जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *