आज की ताजा खबर

तेज बुखार के ग्रसित युवक ने तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

top-news

अजीतमल औरैया। कोतवाली क्षेत्र के अटसू कस्बे में शनिवार को तेज बुखार के बाद अचानक तबियत बिगड़ने के चलते परिजन उसे सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

अटसू कस्बा निवासी आकाश राजपूत (28) पुत्र सोनेलाल हलवाई का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि आकाश पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था। शनिवार सुबह उसकी तबियत अचानक से अधिक बिगड़ गई। उसे तेज बुखार के साथ लगातार उल्टियां होने लगीं। जिससे परिजन घबरा गए। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 युवक की मौत की सूचना मिलते ही सीएचसी में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली अजीतमल पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मृतक आकाश अपने पीछे पिता सोनेलाल, माता रामकेतकी, पत्नी पूनम तथा मासूम पुत्री प्रियांशी को छोड़ गया है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और माता-पिता गहरे सदमे में हैं।

परिजनों ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पहले आकाश के पिता सोनेलाल अपनी पुत्री आरती देवी के पास अटसू आकर रहने लगे थे। तब से पूरा परिवार यहीं निवास कर रहा था। आकाश मेहनत-मजदूरी और हलवाई का कार्य कर परिवार की आजीविका चलाता था। उसकी अचानक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार, पड़ोसी और शुभचिंतक परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं परिजनों का कहना है कि आकाश को पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार था, लेकिन शनिवार सुबह अचानक उसकी हालत तेजी से बिगड़ने पर उसे बचाया नहीं जा सका।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *