आज की ताजा खबर

खेलते समय किशोर को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

top-news

अछल्दा औरैया। थाना क्षेत्र के ग्राम लिधौरा निवासी एक किशोर को खेलते समय जहरीले कीड़े ने काट लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे डाॅक्टर के पास ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजन उसे झाडफूंक कराने के लिए इटावा जिले के जसवंतनगर ले गए, जहां कोई लाभ न मिलने पर उसे मध्य प्रदेश के दतिया क्षेत्र के रतनगढ़ स्थित देवी मंदिर ले गए, लेकिन वहां भी निराशा हाथ लगी। वहीं किशोर की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

लिधौरा निवासी नीलेश शाक्य का 13 वर्षीय पुत्र अंश शाक्य शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे घर के बाहर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान उसके पैर में जहरीले कीड़े ने काट लिया। बताया गया कि जहरीले कीड़े के काटने के बाद भी अंश गांव में मां दादी के साथ धान की रोपाई करने खेत चला गया। लगभग दो-तीन घंटे बाद खेत से लौटने पर उसे चक्कर आने लगे। इस पर उसने अपनी मां स्वाती और दादी को जहरीले कीड़े के काटने की जानकारी दी।

जिस पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोर की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने एक सपेरे को बुलाकर घटनास्थल पर सर्प की तलाश कराई। लगभग 20 मिनट की खोजबीन के बाद सपेरे ने सर्प को पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया।


डाॅक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बावजूद परिजन इसे स्वीकार नहीं कर सके और अंधविश्वास के चलते किशोर को झाड़-फूंक के लिए मध्य प्रदेश के रतनगढ़  देवी मंदिर ले गए। जहां दो घंटे चली झाड़ फूंक के बाद परिजनों को खाली हाथ घर लौटना पड़ा

मृतक के पिता नीलेश शाक्य अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। अंश दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *