आज की ताजा खबर

महादेवा में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारी तेज

top-news

रामनगर (बाराबंकी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित लोधेश्वर महादेवा धाम दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार को महादेवा मेला मैदान पहुंचकर बहुप्रतीक्षित महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार को दिनभर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर निरीक्षण और तैयारियों का सिलसिला जारी रहा। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री 11:00 बजे तक महादेवा पहुंचेंगे। इसके बाद वह सर्वप्रथम लोधेश्वर महादेव का दर्शन पूजन करेंगे इसके बाद वह कॉरिडोर निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे और बाद में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
 राज्य मंत्री ने संभाली तैयारियों की कमान 
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सूचना मिलते ही राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा लोधेश्वर महादेवा मेला मैदान पहुंचे। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी ए. सुदन, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
 कमिश्नर-डीआईजी ने लिया विस्तृत जायजा
इसी क्रम में अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार एवं डीआईजी सोमेन वर्मा भी लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मैप के माध्यम से तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने पंडाल, हेलीपैड, जनसभा स्थल, आवागमन मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी, वीआईपी एवं आमजन के प्रवेश-निकास मार्ग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
 छह पार्किंग, हेलीपैड और मंच निर्माण पर जोर 
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए छह पार्किंग स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। मंच स्थल का समतलीकरण कराया जा रहा है तथा गड्ढों वाले स्थानों पर मिट्टी डलवाकर उन्हें समतल किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम पंडाल निर्माण के लिए नापजोख में जुटी है, जबकि मेला मैदान में हेलीपैड निर्माण की तैयारी भी तेज कर दी गई है। विभिन्न विभागों के कर्मचारी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
मंदिर में पूजा, कॉरिडोर की भी समीक्षा 
निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा ने लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर स्वयंभू आदिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और विश्व के कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए मैप के माध्यम से कॉरिडोर की रूपरेखा का भी अवलोकन किया।
 समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप 
निरीक्षण के दौरान एडीएम निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, जिला कृषि अधिकारी राजित राम, शाहिद सहित बड़ी संख्या में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *