आज की ताजा खबर

अंबेडकरनगर: तमसा नदी में जलस्तर बढ़ने पर डीएम ने कराई नाव की व्यवस्था, ग्रामीणों को मिली राहत

top-news

तमसा नदी का जलस्तर बढ़ने से टूटा संपर्क, डीएम ने उपलब्ध कराई नाव; ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

लकड़ी का पुल डूबने से 5-6 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर थे ग्रामीण, प्रशासन ने तत्काल की व्यवस्था

अंबेडकरनगर | अंबेडकरनगर में तमसा (टौंस) नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित होने पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाव की व्यवस्था कराई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम लखमीपुर पुरवा-कर्मुल्लाहपुर में नाव उपलब्ध कराए जाने से ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है।

जलमग्न हुआ लकड़ी का पुल, बढ़ी परेशानी

जलालपुर तहसील के विकासखंड भियांव अंतर्गत स्थित ग्राम सभा लखमीपुर पुरवा-कर्मुल्लाहपुर के ग्रामीण वर्षों से तमसा नदी पर बने लकड़ी के पुल के सहारे आवागमन करते थे। लेकिन लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से यह पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे गांव का संपर्क प्रभावित हो गया।

पुल डूबने के कारण ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को अपने दैनिक कार्यों के लिए करीब 5 से 6 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। समस्या बढ़ने पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नाव उपलब्ध कराने की मांग की।


डीएम के निर्देश पर तत्काल उपलब्ध कराई गई नाव

ग्रामीणों की शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तहसील टांडा से नाव मंगाकर ग्राम सभा लखमीपुर पुरवा-कर्मुल्लाहपुर में संचालित कराई गई, जिससे लोगों का आवागमन फिर से सुचारु हो गया।

जिलाधिकारी की इस त्वरित पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बरसात के दौरान नदी के जलस्तर और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही, आमजन की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी ग्रामीण को परेशानी का सामना न करना पड़े।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *