आज की ताजा खबर

करोड़ों के घोटाले के बाद अब लोकायुक्त की रेड: पीलीभीत डीआईओएस दफ्तर में अफसरों से तीखे सवाल

top-news

पीलीभीत। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोकायुक्त की दो सदस्यीय जांच टीम अचानक कार्रवाई करने पहुंची। सेवानिवृत्त शिक्षिका द्वारा रिटायरमेंट से जुड़े मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शासन स्तर पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त ने सहायक सचिव राजेश कुमार के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम गठित की।

बुधवार को पीलीभीत पहुंची टीम ने सबसे पहले शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जांच टीम डीआईओएस कार्यालय पहुंची और डीआईओएस समेत कई अधिकारियों व कर्मचारियों से लंबी पूछताछ कर उनके बयान कलमबद्ध किए।


हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए लोकायुक्त टीम ने मीडिया से कोई जानकारी साझा नहीं की, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से दिनभर विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि पीलीभीत का डीआईओएस कार्यालय पिछले काफी समय से लगातार विवादों के घेरे में रहा है। हाल ही में यहाँ तैनात एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले का गंभीर आरोप सामने आया था, जिसमें उसकी पत्नी और रिश्तेदारों के नाम भी शामिल थे। उस बड़े घोटाले की जांच प्रक्रिया अभी जारी ही थी कि लोकायुक्त की इस नई दबिश से प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *