आज की ताजा खबर

ढही जर्जर दीवार, भाई-बहन समेत दो मासूमों की मौत तीन घायल

top-news

 ग्रामीणों ने पहले ही जताई थी दीवार गिरने की आशंका

शोभित शुक्ला

बाराबंकी। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलचप्पा कलां (अलियाबाद) गांव में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों पर एक पुरानी कच्ची-ईंट की दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबने से एक ही परिवार के भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


 कुछ ही पलों में मातम में बदली सुबह

प्रतिदिन की तरह बच्चे स्कूल के लिए घर से निकले थे। गांव की एक संकरी गली से गुजरते समय अचानक वर्षों पुरानी जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी। देखते ही देखते पांचों बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और तत्काल ईंटें हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।इस दुर्घटना में मुस्लिम के सात वर्षीय पुत्र हुजैफा और 14 वर्षीय पुत्री हाजरा बानो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सलमान के आठ वर्षीय पुत्र हस्सान, चार वर्षीय पुत्री हानिया तथा अब्दुल मन्नान के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अदनान गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 ग्रामीणों का आरोप, पहले से था खतरे का अंदेशा

ग्रामीणों का कहना है कि हादसे वाली दीवार काफी समय से खस्ताहाल थी। लगातार हो रही बारिश के कारण उसके गिरने की आशंका और बढ़ गई थी। लोगों ने कई बार दीवार की मरम्मत कराने या उसे हटवाने की बात कही थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *