आज की ताजा खबर

25 महिलाओं से ठगी के आरोपी अनुज त्रिवेदी पर समधी विधायक ज्ञान तिवारी ने तोड़ा रिश्ता, बोले- दोषी को मिले फांसी, बेटी से भी एफआईआर कराने की कही बात

top-news

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। कई राज्यों में नाम बदलकर फर्जी पहचान के जरिए महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी अनुज त्रिवेदी के मामले में अब उनके समधी एवं सेवता विधानसभा क्षेत्र के विधायक ज्ञान तिवारी भी खुलकर सामने आ गए हैं।

विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो उसे फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने अपने समधी व दामाद से सभी रिश्ते तोड़ते हुए अपनी बेटी से भी पति और समधी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।


गौरतलब है कि महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र की एक महिला ने मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के चंद्रावल गांव निवासी अनुज त्रिवेदी पर मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर फर्जी नाम और पहचान के साथ आईडी बनाकर शादी करने तथा 97 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि अनुज त्रिवेदी ने अलग-अलग नामों से करीब 25 महिलाओं से विवाह कर उन्हें ठगी का शिकार बनाया। जांच में यह भी आरोप सामने आया कि इस पूरे मामले में उसके बेटे प्रखर त्रिवेदी की भी भूमिका रही है।


ठगी का शिकार हुई कई महिलाओं ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई के दौरान आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ सीतापुर में एफआईआर दर्ज करने तथा उनकी संपत्तियों को कुर्क किए जाने की मांग की थी। महिलाओं ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।

इसी बीच गुरुवार को विधायक ज्ञान तिवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि कानून को निष्पक्षता से कार्यवाही करनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। विधायक के इस बयान के बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *