आज की ताजा खबर

कुशीनगर में फ्लोर मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, गेहूं के आटे के दो नमूने जांच के लिए भेजे

top-news

विशेष अभियान के तहत 13 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, गुणवत्ता जांच के लिए लैब भेजे गए सैंपल

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाते हुए फ्लोर मिलों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दो फ्लोर मिलों से गेहूं के आटे के नमूने लेकर जांच एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त, उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II प्रदीप कुमार राय के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कसया स्थित गोविंद फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण कर गेहूं के आटे का एक नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा गंगोत्री फ्लोर मिल, मथौली रजवटिया (पोस्ट-बगही) से भी गेहूं के आटे का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।


खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने जनपद के कुल 13 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा, विजय कुमार यादव, धर्मराज शुक्ल तथा श्रीमती रंजनी मौर्या शामिल रहीं। 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *