आज की ताजा खबर

बलरामपुर साइबर थाना की बड़ी सफलता, निवेश के नाम पर ठगे गए 5.07 लाख रुपये तीन दिन में कराए वापस

top-news

बलरामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत, बैंक और वित्तीय संस्थानों के समन्वय से पूरी रकम खाते में लौटी

अजय श्रीवास्तव

बलरामपुर। साइबर अपराध के एक मामले में बलरामपुर साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निवेश के नाम पर ठगे गए 5,07,629 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों में भरोसा बढ़ा है।

भगवतीगंज निवासी रविचंद्र सोनी ने साइबर थाना बलरामपुर में शिकायत दर्ज कराई कि साइबर अपराधियों ने अधिक लाभ का झांसा देकर विभिन्न माध्यमों से उनके 5,07,629 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार ठग करीब दो माह तक रकम वापस करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन धनराशि वापस नहीं की। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाने में लिखित शिकायत दी।


शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर वीर सेन सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी 5,07,629 रुपये की धनराशि मात्र तीन दिन के भीतर पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *