आज की ताजा खबर

गृहकलह से तंग आकर युवक ने नहर में लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस और एसएसबी

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। बरेली जिले के रिठौरा निवासी एक युवक द्वारा ससुराल पक्ष से विवाद के बाद हरदोई ब्रांच नहर में कूदने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिठौरा निवासी महिपाल सिंह पुत्र थान सिंह बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकले थे।

काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद शाम को महिपाल ने परिजनों के मोबाइल पर एक वीडियो संदेश भेजा। वीडियो में उन्होंने ससुरालियों से अनबन से परेशान होकर नहर में छलांग लगाने की बात कही थी।


वीडियो संदेश मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर युवक की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार सुबह जब परिजन कलीनगर क्षेत्र पहुंचे, तो हरदोई ब्रांच नहर के पुल के पास महिपाल की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली।

परिजनों के मुताबिक, महिपाल का पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था, जिससे वह अत्यधिक मानसिक तनाव में थे और इसी तनाव के चलते उन्होंने घर छोड़कर यह खौफनाक कदम उठाया।

लावारिस बाइक मिलने की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीमा सशस्त्र बल (एसएसबी) की गोताखोर टीम को मौके पर बुलाकर नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक गोताखोरों की टीम नहर के तेज बहाव में युवक की तलाश में जुटी हुई थी, हालांकि अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *